
नूरपुर (कांगड़ा)। जालंधर-पठानकोट हाईवे स्थित मीलवां के पास इनोवा गाड़ी के एक ट्राले की चपेट में आने से गाड़ी में सवार एक पत्रकार की मौत हो गई। जबकि पठानकोट के एसएसपी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार एक ट्राले ने पंजाब के जिला पठानकोट के एसएसपी डा. सुरिंद्र कालिया की इनोवा गाड़ी को साइड मार दी। इससे इनोवा हाईवे के किनारे वृक्षों से टकराती हुई पलट गई। हादसे में एसएसपी की इनोवा कार में सवार एक अंग्रेजी अखबार के पत्रकार की भी मौत हो गई। जबकि एसएसपी समेत गनमैन और ड्राइवर बुरी तरह से जख्मी हो गए। घायलों को पठानकोट के रावी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक पत्रकार जसदीप मल्होत्रा (41) जालंधर के माडल हाउस के रहने वाले थे। अस्पताल में भर्ती एसएसपी डा. कालिया और ड्राइवर बुई लाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार पत्रकार जसदीप सिंह मल्होत्रा जालंधर से अपने साथी फोटोग्राफर के साथ किसी खबर के सिलसिले से आ रहे थे। जबकि एसएसपी डा.सुरिंद्र कालिया रविवार को जालंधर से पठानकोट में आईजी की मीटिंग के सिलसिले से अपने गनमैन और ड्राइवर के साथ आ रहे थे। भंगाला के पास एसएसपी डा. कालिया और पत्रकार जसदीप की मुलाकात हुई। दोस्ताना होने के चलते एसएसपी ने पत्रकार जसदीप को अपनी गाड़ी में बिठा लिया। गनमैन लाल सिंह ने बताया कि मीलवां के पास उनके आगे एक ट्राला सड़क के बीचोंबीच जा रहा था। ड्राइवर बुई लाल ने सायरन और हारन दिया। ट्राला ड्राइवर ने हाईवे से बाएं की ओर रास्ता दिया। जब ड्राइवर ने एसएसपी की गाड़ी को बाईं ओर से निकालना चाहा तो ट्राला ड्राइवर ने अगले टायर को बाएं की ओर कर दिया। इससे ट्राले की साइड लगने से इनोवा का संतुलन बिगड़ गया। ड्राइवर ने गाड़ी को काफी संभालने की कोशिश की। लेकिन इनोवा कार हाईवे किनारे कच्चे रास्ते पर उतर जाने से वृक्षों से टकराती हुई पलट गई। इस सड़क हादसे की सूचना मिलते ही इंदौरा पुलिस और जिला पठानकोट पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल एसएसपी, गनमैन और ड्राइवर को रावी अस्पताल में पहुंचाया। इंदौरा थाना प्रभारी बलवीर ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात ट्राला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर नूरपूर सिविल अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है।
राजनेता कुशलक्षेम जानने पहुंचे अस्पताल
नूरपुर (कांगड़ा)। एसएसपी के हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलते ही रावी अस्पताल में उनका कुशलक्षेम जानने के लिए राजनेताओं का तांता लग गया। इस दौरान श्री साईं यूनिवर्सिटी के चांसलर एसके पुंज, पठानकोट के विधायक अश्विनी शर्मा, भोआ की विधायक सीमा देवी व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू, डीसी सिब्बन सी, डीआईजी बॉर्डर रेंज लोकनाथ आंगरा, आदमपुर के विधायक पवन टीनू, नायब तहसीलदार लक्ष्मण सिंह, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन अनिल वासुदेवा, जिला पठानकोट प्लानिंग बोर्ड के चेयरमैन सतीश महाजन, लायंस क्लब पठानकोट मुस्कार के प्रधान मनप्रीत साहनी व सतीश महेंद्रू आदि रावी अस्पताल पहुंचे।
