
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा-हाटू सड़क पर एक हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए नारकंडा लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नारकंडा-हाटू सड़क पर एक पजेरो गाड़ी एचपी 03डी 0023 खाई में जा गिरी। इसमें गाड़ी में सवार सूरज कुमार पुत्र चंद्र प्रकाश निवासी चिड़गांव और एक महिला आंचल कपूर निवासी गुड़गांव हरियाणा की रहने वाली घायल हो गई हैं, जिन्हें 108 के माध्यम से नारकंडा स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया है।
खबर की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी कुमारसैन राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अभी हादसे के कारणों का पता नहीं लग पाया है, जबकि घायलों को गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर किया गया है।
