
रामपुर बुशहर। शनिवार देर शाम रामपुर के भद्राश के पास सड़क हादसे में एक चिकित्सक सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए लोगों में एक आनी अस्पताल में चिकित्सक थे। जबकि, दूसरे आनी में ही खाद्य आपूर्ति की दवाइयों की दुकान के इंचार्ज थे। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डा. राजेंद्र निवासी जालमा लाहौल स्पीति और हेम राज निवासी लौगणी सरकाघाट अपनी कार में सवार होकर रामपुर से आनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार भद्राश में खड़े ट्राले से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल मौके के लिए रवाना हुआ और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर अस्पताल भेजा गया। यहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। चिकित्सक राजेंद्र अपने पीछे ढाई वर्ष की बेटी और पत्नी छोड़ गए हैं। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस ने दोनों के शवाें का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विभिन्न संगठनों ने किया शोक प्रकट
आनी (कुल्लू)। सड़क हादसे में मारे गए चिकित्सक राजेंद्र और दवा स्टोर के इंचार्ज हेम राज की मौत पर व्यापार मंडल आनी, ब्राह्मण सभा, सचेत संस्था, प्रेस क्लब, हिम संस्कृति संस्था, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, ब्लाक कांग्रेस कमेटी आनी, भाजपा मंडल आनी, देवभूमि विकास परिषद सहित सभी धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने शोक व्यक्त कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में दुख सहने की शक्ति देने की भगवान से प्रार्थना की।
