सड़क हादसे में एक की मौत, दो घायल

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। उदयपुर से छह किलोमीटर दूर म्याड़ घाटी के शकोली गांव के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी लोग एक ही परिवार के हैं। पुलिस के अनुसार मयाड़ घाटी के शकोली गांव के पास एक वैन सड़क से नीचे लुढ़क गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही शकोली गांव में अफरातफरी मच गई। समस्त ग्रामीण घटना स्थल की ओर रवाना हुए और साथ ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को एक मारुति वैन करीब सुबह 11 बजे म्याड़ घाटी के शकोली गांव से उदयपुर की आ रही थी। गाड़ी में चालक मोती (42), उनकी बेटी दीपिका (21) और बहू सुनीता सवार थीं। शकोली गांव से करीब 100 मीटर आगे उदयपुर के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे लुढ़क गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने दुर्घटना में घायल हुए मोतीराम, दीपिका और सुनीता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही चालक मोती राम ने रास्ते में ही दम तोड़ चुका था।
उदयपुर में तैनात एएसआई यशपाल ने बताया कि पुलिस सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंच गई थी। दुर्घटना के बाद घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उदयपुर अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। दोनों घायल महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में दाखिल करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रणजीत सिंह वेद ने बताया कि दोनों की हालत को देखते हुए इन्हें घाटी से बाहर रेफर किया है।

Related posts