
जोगिंद्रनगर/लडभड़ोल (मंडी)। जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन सोमवार को सांसद प्रतिभा सिंह ने विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन कर लोगों को समर्पित किया। उन्होंने लांगणा में 40 लाख की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, तुलाह में तीन लाख से निर्मित पंचायत भवन की दूसरी मंजिल और पंजालग में 4.75 लाख से बने सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया।
लांगणा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रदेश और केंद्र सरकार लोगों को सड़क, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। करीब 37 लाख की लागत से उठाऊ पेयजल योजना रक्टल-तुलाह का निर्माण कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। 94 लाख से बनने वाली उठाऊ पेयजल योजना घटोड-चूल्हा का प्राक्कलन नाबार्ड को मंजूरी के लिए भेजा है। कांडापतन पुल के लिए 22 करोड़ स्वीकृत किए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही साडा माकन सड़क का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। इसे मार्च माह तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने सांसद निधि से हरिजन बस्ती लांगणा में सामुदायिक भवन के लिए एक लाख, तुलाह में रविदास मंदिर रास्ते के लिए एक लाख, महिला मंडल भवन, धार और राहड़ के लिए 60-60 हजार, महिला मंडल भवन सलाहण के लिए 75 हजार, पंजालग के लिए एक लाख और गागल के लिए 50 हजार देने की घोषणा की। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र ठाकुर, राम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जीवन ठाकुर, जिला कांग्रेस महासचिव राकेश चौहान और निरंजन शर्मा तथा एसडीएम किशोरी लाल मौजूद रहे।
