सड़क सुविधा से वंचित लोगों का प्रदर्शन

चंपावत। नेपाल सीमा से सटे कई गांवों को सड़क सुविधा का लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है। क्षेत्र के लोगों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और शीघ्र सड़क निर्माण का काम शुरू न होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी।
नेपाल सीमा से सटे लेटी, हरियालीगांव, बांस, बरकुम, रियांसी, बमनगांव, तरकुली, आमड़ा, सीम, खेत, मकसौन, ब्योरी, पल्लावन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए एक वर्ष पूर्व सर्वे किया गया था। वन विभाग की टीम ने भी अपने स्तर से सर्वे कर वन भूमि का चिन्हीकरण कर लिया। पिछले साल दिसंबर में लोगों को यह आश्वासन दिया गया था कि छह माह के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू हो जाएगा लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल न होने से लोग आक्रोशित हैं। सड़क न होने से गांव के लोगों को 20 किलोमीटर का पैदल सफर करना पड़ता है।
गांव के लोगों की समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने लोक निर्माण विभाग तथा पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण में जो बाधा आ रही है उसे तत्काल दूर किया जाए और विलंब के पीछे क्या कारण हैं इसका पता लगाया जाए। प्रदर्शन का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता राकेश सिंह ने किया। प्रदर्शन में किशन सिंह, सूरज सिंह, अमर सिंह, कमल सिंह, पान सिंह, हेतराम, जोगाराम, राम सिंह, जय सिंह, सोबन सिंह, दीपक सिंह, बलवीर सिंह, शंकर सिंह, राजेश सिंह आदि शामिल हुए।

Related posts