सड़क सुविधा से वंचित किया तो आंदोलन होगा

चंपावत। बहुजन समाज पार्टी से चमदेवल से पंचेश्वर तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित रोड से खाईकोट गांव को वंचित करने पर कड़ा ऐतराज जताया है। खाईकोट गांव में शिल्पकार समाज के लोग रहते हैं। बसपा ने कहा है कि प्रस्तावित सड़क का सर्वे दुबारा कराया जाए और खाईकोट गांव को सड़क सुविधा का लाभ दिया जाए। ऐसा न होने पर क्षेत्र के लोग भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।
बुधवार को बसपा जिला प्रभारी राजू शर्मा, जिलाध्यक्ष गोविंद पांडे और उपाध्यक्ष जयप्रकाश के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि पीएमजीएसवाई के तहत इस बार चमदेवल से निडिल होते हुए पंचेश्वर तक रोड की मंजूरी हुई है। पहले यह तय था कि रोड से खाईकोट गांव को भी जोड़ा जाएगा लेकिन सर्वे के समय खाईकोट गांव को वंचित कर दिया गया है और रोड को गांव से एक किलोमीटर दूरी से तैयार करने की योजना बनाई जा रही है। चेतावनी दी है कि यदि गांव के लोगों को सड़क सुविधा से वंचित किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने इस मामले की जांच कराने का भरोसा दिया है।
ज्ञापन देने वालों में कमला देवी, मोहन राम, नीरू देवी, गीता देवी, हीरा देवी, रमेश राम, हरी राम, दिवानी राम आदि शामिल थे।

Related posts