सड़क, शिक्षक और बिजली को तरसे बास्ती के ग्रामीण

बागेश्वर। कपकोट ब्लाक का सुदूरवर्ती गांव बास्ती सड़क, शिक्षक और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहा है। ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी बीएस मनराल से मुलाकात कर आपबीती बताई। समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की गुहार लगाई।
ग्राम प्रधान मोहन सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां जिलाधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि उनके गांव के लिए 2008 में सड़क निर्माण के लिए निविदा हुई। 2009 में सड़क का कटान हुआ। लेकिन आज तक दूसरे फेज का कार्य नहीं हो सका है। ग्रामीण आज भी पैदल चलने को मजबूर हैं। इसके अलावा उनके गांव के प्राथमिक विद्यालय में 37 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। सभी एक शिक्षक के सहारे हैं। शिक्षक के विभागीय कार्य में जाने से पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो जाता है। गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब हुए महीनों हो गए हैं। इन दिनों बारिश से गांव में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। बिजली, सड़क नहीं होने से उनके सामने कई परेशानियां खड़ी हो रही है। उन्होंने शीघ्र समस्याआें का समाधान करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में दीवान सिंह, हयात सिंह, गोपाल सिंह, केदार सिंह, देवेंद्र सिंह, देव सिंह, भूपाल सिंह, मंगल सिंह, नरेंद्र सिंह आदि शामिल थे।

Related posts