सड़क पर शव रखकर रोका एनएच

जोगिंद्रनगर (मंडी)। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मी घोडन निवासी राज कुमार (36) की मौत के मामले से गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। राजकुमार की गत शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिजन पुलिस की कार्रवाई से खफा हैं। ग्रामीणों ने वीरवार को गुगली खड्ड के पास बीच सड़क पर शव रखकर मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।
जोगिंद्रनगर की नजदीकी पंचायत ढेलू के ग्रामीणों ने वीरवार को गुगली खड्ड के पास राजकुमार के शव को मंडी-पठानकोट नेशनल हाइवे पर रखकर प्रदर्शन किया। एनएच पर करीब एक घंटे तक सड़क जाम रखा। लोगों ने इस बीच पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले को दबाने का आरोप लगाया। इस दौरान मंडी से धर्मशाला की ओर जा रहे पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को उचित कार्यवाही करने और सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने एनएच पर यातायात बहाल करके शव का अंतिम संस्कार किया। जोगिंद्रनगर के निकट गांव घोडन के राजकुमार का शव पुलिस ने गत शाम ढेलू गांव के पास एनएच के करीब घोडन लिंकरोड से बरामद किया था।
प्रदर्शन करने वालों में माकपा नेता कु शाल भारद्वाज, गांव वासी दान सिंह, रसील चंद वर्मा और अजय ठाकुर सहित अन्य लोगों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। माकपा नेता कुशाल भारद्वाज ने कहा कि यह मामला सड़क दुर्घटना का हो या फिर कुछ और लेकिन मृतक की बेल्ट टूटी हुई और पेंट फ टी थी। कहा कि मृतक राजकुु मार बेहद गरीब परिवार से संबंध रखता है। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और उसकी तीन बेटियां अभी छोटी-छोटी हैं। उसकी मदद की मांग भी लोगों ने सरकार से की है। विधायक एवं पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने राजकुमार की मौत पर दुख जताते हुए सरकार से मामले की उच्च स्तरीय जांच कर परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने की मांग की है।

Related posts