
काशीपुर। पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर प्रतिष्ठित परिवारों के आपसी विवाद ने तूल पकड़ लिया। एक पक्ष के लोग रामनगर रोड स्थित गलबलिया परिवार के निवास के सामने धरने पर बैठने की खबर आग की तरह शहर में फैल गई।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के एक फैसले के बाद बीती 17 अगस्त को जिंदल फिनकैप लिमिटेड की दीवार को पीछे हटाकर बनाने का काम चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान केवीएस ग्रुप से जुड़े हथियारबंद लोगों ने वहां काम रोकने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस ने उनके दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर स्थिति पर नियंत्रण किया था। उसी दिन देर शाम दोनों पक्षों में सहमति बनी कि पंचों का फैसला आने तक कोई भी पक्ष कोई कार्रवाई नहीं करेगा। जिस पर हिरासत में लिए कर्मचारियों को रिहा कर दिया गया। इसके बाद भी दोनों पक्ष में विवाद चल रहा है। सोमवार को दूसरे पक्ष के लोग पारिवारिक बंटवारे की मांग को लेकर जिंदल कोठी के सामने धरने पर बैठ गए।
उधर धरने के बाद कोतवाल को इस संबंध में शिकायत सौंपने वालों में जयभगवान अग्रवाल, सुरेश कुमार, विनय जिंदल, मदन मोहन जिंदल, विजय जिंदल और विकास जिंदल शामिल हैं।
