सड़क निकालने वालों को पौने दो लाख जुर्माना

बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत घंडीर में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से वन भूमि से सड़क निकालना ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। वन विभाग ने ग्रामीणों पर वन भूमि को नुकसान पहुंचाने की एवज में पौने दो लाख रुपये का जुर्माना ठोका है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में हड़कंप की स्थिति है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आधी रात ग्रामीण घंडीर के जंगल में अवैध रूप से जेसीबी लगाकर सड़क का कार्य कर रहे थे। वन विभाग को सूचना मिली तो कुछ अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कार्य बंद करने के लिए जेसीबी की चाबियां छीनी गई और कागजी कार्रवाई शुरू की गई। अचानक कुछ ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर कथित तौर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को डंडों और तेजधार हथियारों की नोक एक तरह से बंधक बनाकर रखा। इसकी बाकायदा तलाई थाना में एफआईआर भी दर्ज हुई है। अब वन विभाग ने डेमेज रिपोर्ट काटते हुए वन भूमि को नुकसान पहुंचाने की एवज में ग्रामीणों पर जुर्माना ठोका है। वन विभाग के वन परिक्षेत्राधिकारी नंद लाल ने बताया कि उनके विभाग की भूमि की खुदाई की पैमाईश क ी गई। जिसका 1, 80, 563 रुपये नुकसान आंका गया है। इसके अलावा इलाके में पेड़ों को पहुंचे नुकसान की डैमेज रिपोर्ट की 7300 रुपये काटी गई है। कुल मिलाकर 1, 87, 866 रुपये का जुर्माना सड़क के कार्य में लगे लोगों पर ठोका गया है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की लेटलतीफी पर चिंता जताई है। उन्होंने मामला दर्ज होने के बावजूद ग्रामीणों पर कार्रवाई नहीं हुई है। उधर, थाना प्रभारी तलाई श्याम सुंदर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों के बयान लिए जा रहे हैं। जमीन की निशानदेही के लिए विभाग को लिखा है।

Related posts