
रामपुर बुशहर(संदीप वर्मा) शहर से करीब तीन किमी दूर बजीरवाउड़ी के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल लाया गया है, जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसा चालक की लापरवाही से हुआ पाया गया है। डीएसपी रामपुर सोम दत्त ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे टाटा स्पेसियो एचपी 25ए 3303 ने बजीरवाउड़ी के पास खड़े ट्रक एचपी 62 1975 को टक्कर मार दी। इस हादसे में राम सरन निवासी रामनी किन्नौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में गाड़ी में सवार सुखदेव, लवली, विमल और सुरजन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के शिकार अपने रिश्तेदार के यहां रोहडू गए हुए थे। हादसे के समय सुखदेव गाड़ी चला रहा था। सूचना मिलते ही रामपुर थाना से पुलिस का दल थाना प्रभारी मंगत राम के नेतृत्व पर मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया।
डीएसपी रामपुर सोम दत्त ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि हादसा चालक की लापरवाही के करण हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
