सड़क दुर्घटना में अध्यापक की मौत

सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के तालाब गांव में एक शिक्षक की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक शिक्षा विभाग में विज्ञान स्नातक के पद पर कार्यरत था। गत देर रात वह अपने एक साथी के साथ बाइक से घर लौट रहा था। बीच रास्ते में बाइक स्किड हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार (42) पुत्र तुलसी राम निवासी तालाब शिक्षा विभाग में विज्ञान स्नातक के पद पर तैनात था। हाल ही में जनजातीय क्षेत्र से स्थानांतरित होकर आए थे। गत रात हमीरपुर जिले के चंदरूही कस्बे से घर आ रहे थे। उनका एक दोस्त भी साथ था। बीच रास्ते में गरेडी पुल के निकट बाइक स्किड हो गई। इससे राकेश कुमार सिर के बल सड़क पर जा गिरे। उन्हें 108 एंबुलेंस से सरकाघाट अस्पताल ले जाया जा रहा था। लेकिन सिर पर गंभीर चोटें होने से उनकी बीच रास्ते में मौत हो गई। बाइक में पीछे बैठा उनका दोस्त प्रीतम चंद सुरक्षित बच गया। मृतक का एक बेटा और बेटी है। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अध्यापक संघ ने व्यक्त किया शोक
राकेश कुमार की मौत पर प्रदेश विज्ञान स्नातक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र पाल, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, बीडीसी उपाध्यक्ष कल्पना शर्मा, जिप सदस्य विजयलक्ष्मी, सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगराज ठाकुर, सुनील चड्ढा, सुभाष शर्मा, अनिल शर्मा, युकां अध्यक्ष अखिल गुप्ता, उमेश कुमार, बृजलाल कौंडल और जगदीश गौतम ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Related posts