सड़क के अभाव में पलायन कर रहे गोखुरी वासी

बागेश्वर। जिले के कई हिस्सों में सड़कों के निर्माण में लगातार देरी हो रही है। पठक्यूड़ा-गोखुरी मार्ग नहीं बनने से क्षेत्र के लोग पलायन को विवश हैं। मल्ला दानपुर में रिखाड़ी-बाछम मार्ग के टेंडर हो जाने के बावजूद काम शुरू नहीं हो सका है। इस प्रस्तावित सड़क के साथ हजारों की आबादी जुड़ी है।
गोखुरी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विनोद पंत ने बताया कि पठक्यूड़ा-गोखुरी मोटर मार्ग का सर्वे पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल के समय में दो बार हुआ था, लेकिन आज तक सड़क का काम शुरू नहीं हुआ है। अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं। सड़क के अभाव में यहां गोखुरी के 52 परिवार में से 36 परिवार पलायन कर चुके हैं। पठक्यूड़ा गांव से भी पलायन जारी है। इलाके का विकास ठप है। अच्छे स्कूलों के लिए लोग कसबों की तरफ पलायन कर रहे हैं। ग्राम प्रधान कमला पंत, जगदीश पंत, केवलानंद पंत, मथुरादत्त पंत आदि का कहना है कि सड़क नहीं बनी तो आंदोलन किया जाएगा। उधर, मल्ला दानपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत रिखाड़ी-बाछम मार्ग के टेंडर हो चुके हैं। लेकिन निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका है। उप प्रधान खिलाप दानू ने बताया कि इस सड़क के बनने से बोराचक झारकोट, किलपारा, कुंवारी, बाछम, डौला तीख, रिखाड़ी, सोराग आदि गांवों को लाभ मिल सकता है।

Related posts