सड़कों पर पानी, बैलगाड़ी में दिया बच्चे को जन्म

लक्सर। बाढ़ के खतरे को देखते हुए शेरपुरबेला गांव का एक परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट हो रहा था। बैलगाड़ी में सामान समेत परिवार के लोग रवाना हुए। लेकिन रास्ते में परिवार की महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सड़कों पर पानी भरा था तो किसी वाहन का पहुंचना मुश्किल था। ऐसे में परिवार के लोग बैलगाड़ी से ही आगे बढ़ते गए। लेकिन रफ्तार इतनी धीमी थी कि बैलगाड़ी में ही प्रसव हो गया। बाद में जच्चा-बच्चा को 108 सेवा के माध्यम से लक्सर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डाक्टरों के अनुसार, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
खानपुर विकासखंड के शेरपुरबेला गांव में कई दिनों से बाढ़ का पानी भरा हुआ है। यहां के ज्यादातर परिवारों को शिफ्ट कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को अनिल का परिवार भी शिफ्ट हो रहा था। परिवार के सभी लोग बैलगाड़ी पर सवार होकर खानपुर के लिए निकले। बताया जा रहा है कि गांव से निकलने के बाद ही अनिल की पत्नी रानी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्रसव पीड़ा होने के बाद भी वह अपनी पत्नी को बैलगाड़ी से ही लाता रहा। कुछ देर बात रानी ने बैलगाड़ी में ही बच्चे को जन्म दे दिया। बच्चे को जन्म देने के बाद परिजन किसी तरह से उन्हें खानपुर ले आए। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा से जच्चा-बच्चा को लक्सर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों का कहना है कि जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

Related posts