सड़कों की मांग को लेकर किसान सभा का धरना

नई टिहरी। उत्तराखंड किसान सभा ने आपदा से प्रभावित सड़कों और पैदल मार्गों की मरम्मत करने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि आपदा आए तीन माह होने को हैं लेकिन अभी तक लोगों को पैदल चलने के लिए भी रास्ते नहीं मिल पाए हैं।
कलक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे किसान सभा के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा कि 16-17 जून को आई भीषण आपदा में भारी नुकसान हुआ है। पौने तीन माह बाद भी क्षतिग्रस्त संपत्तियों का आकलन कर सरकार उनकी मरम्मत नहीं कर पाई है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन के साधन बहाल न होने से लोगों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र ही सड़कों की मरम्मत कर आवागमन सुगम बनाने की मांग की है। सड़कों के रख-रखाव के लिए कई सुझाव भी दिए। धरने पर किसान सभा के अध्यक्ष उत्तम सिंह रावत, सचिव भगवान सिंह राणा, जोत सिंह नेगी, शिवेंद्र रावत, रतन सिंह रावत, विजय प्रकाश, विशाल सिंह राणा, सूरत सिंह और गैणा सिंह आदि लोग बैठे।

Related posts