सड़कों का काम शुरू न होने पर विधायक का धरना

पिथौरागढ़। डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की पूर्व में स्वीकृत तीन दर्जन से अधिक सड़कों में काम शुरू नहीं होने पर भाजपा ने शुक्रवार को धरना कर विरोध जताया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बिशन सिंह चुफाल के नेतृत्व में हुए धरने में रोड के काम में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया गया। जल्द काम शुरू नहीं होने पर लोनिवि कार्यालय का घिराव और विधानसभा में धरने की चेतावनी दी गई। कलक्ट्रेट में सभा के दौरान कलक्ट्रेट के एक कर्मी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी से भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने जिलाधिकारी का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। इस बीच कई बार गहमागहमी की नौबत आई।
चुफाल ने कहा कि मड़मानले-दोबांस के किलोमीटर 11 में पहाड़ कटान की मांग पिछले साल सितंबर से हो रही है। इसके अलावा डीडीहाट क्षेत्र की देवली, लामाघर, भातड़ से चनकोट, घीमाली से बग्जीवाला, छड़नदेव मलान से चमडुगरी समते 38 अन्य सड़कों पर काम शुरू नहीं हो सका है। इसके विरोध में पूर्व काबीना मंत्री प्रकाश पंत, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, उपाध्यक्ष केदार दत्त जोशी, जिलाध्यक्ष किशन भंडारी, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र रावत, डीडीहाट के ब्लाक प्रमुख हरेंद्र चुफाल, गीता जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष कवींद्र साही, हयात धारियाल, मनोज सामंत, देवीदत्त जोशी, हरीश राम कोहली, खुशाल पिपलिया आदि धरने पर बैठे।
बाद में कलक्ट्रेट परिसर में हुई सभा में माइक की आवाज को कम करने के निर्देश देते हुए डीएम ने एक कर्मी को भेजा। कर्मचारी के बर्ताव और डीएम के आदेश पर भड़के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी का घेराव कर दिया। कहा कि कलक्ट्रेट परिसर में बीते पांच दशकों से विरोध-प्रदर्शन और सभा होती है। इस पर रोकटोक लोकतंत्र विरोधी रवैया है। बाद में जांच के आश्वासन के बाद घेराव वापस लिया गया।

Related posts