
बालीचौकी (मंडी)। सराज क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से सड़कें बंद होने से लोगों को राशन के लिए कई किमी पैदल सफर करना पड़ रहा है। लोनिवि लगातार खराब मौसम का बहाना बनाकर दुर्गम क्षेत्रों में गुजर-बसर कर रहे लोगों की मुसीबतों को और ज्यादा बढ़ा रहा है। ऐसा ही मामला सराज की दुर्गम सड़क थाची-डिडर का देखने को मिल रहा है। यह सड़क पिछले कई दिनों से अवरुद्ध है। जगह-जगह भूस्खलन की वजह से वाहन डिडर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। नतीजन, पांच पंचायतों की 10 हजार की आबादी को राशन पीठ पर उठाकर ही थाची और नारायण गलू से ले जाना पड़ रहा है। जबकि, मरीजों को पालकी या पीठ पर उठाकर बस चलने योग्य स्थान तक पहुंचाया जा रहा है। खलवाहण पंचायत प्रधान भूमेराम ने बताया कि डिडर गांव में 22 जुलाई को देवता मारकंडेय तथा घटोत्कछ के सम्मान में मेला शुरू होने जा रहा है। सड़क अभी तक यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई है। उन्हाेंने प्रशासन व सरकार से मांग की है कि इस मार्ग को दो दिन में बहाल किया जाए, अन्यथा लोग संघर्ष का रास्ता अपना लेंगे। उधर, लोनिवि गोहर अधिशाषी अभियंता केके शर्मा का कहना है कि लगातार बारिश से सड़क पर जगह-जगह मलबा गिरा है। शीघ्र ही जेसीबी मशीन लगातार सड़क दो दिन में खोल दी जाएगी।
