सड़कें दे दी, बसें बंद कर दी

संधोल (मंडी)। क्षेत्र के विभिन्न रूटों पर निगम की बसों की कमी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। पिछले तीन माह में क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन रूटों पर बसें बंद हैं। निगम की तीन बसें हमीरपुर तथा मंडी जिले की सीमा पर बने बक्कर खड्ड पुल से लौट जाती हैं। वहीं, चार बसें कांगड़ा तथा मंडी जिले के बीच बने हारसीपतन पुल से वापस हो जाती हैं। जबकि मनाली-धर्मपुर-संधोल, पठानकोट-संधोल-धर्मपुर, चंबा-संधोल-धर्मपुर, हरिद्वार-संधोल-मढ़ी, कटड़ा-धर्मपुर-संधोल, पालमपुर-संधोल-नेरवा, मंडी-धर्मपुर-संधोल तथा फरीदाबाद-कक्कड़-संधोल बस सेवाआें को बंद कर दिया गया है। क्षेत्र के बैरी, अप्पर बैरी, नडोल, टाडों, बलेटुआं, कालत्री, चमेहड़, खनौड़, बखडोल, ग्वैला, छेज्ज, कनूही, चतरौन, बांह, शैड, लहसनी गांव सड़क सुविधा से तो जुड़ गए, लेकिन बिना बस सेवाआें के लोगों को उसका कोई फायदा नहीं मिल रहा। निगम अधिकारियाें का कहना है कि स्टाफ की कमी के चलते कुछ रूट अस्थायी रूप से बंद करने पड़े हैं। इधर, भाजपा ने सरकार पर राजनीतिक द्वेष से बसें बंद करने का आरोप लगाया है। धर्मपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा का कहना है कि पूर्व परिवहन मंत्री ने क्षेत्र को दो बस अड्डाें की सौगात दी थी। लोगों की सुविधा के लिए समय-समय पर बसाें की व्यवस्था थी। मगर मौजूदा सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। संधोल इकाई कांग्रेस के अध्यक्ष दयाल सिंह का कहना है कि पार्टी बंद हुई बसाें को पुन: शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है। इधर, हमीरपुर डिपो के स्थानीय प्रबंधक प्रदीप शर्मा का कहना है कि स्टाफ की कमी के चलते कुछ रूट अस्थायी तौर पर बंद किए गए हैं।

Related posts