
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने मसूरी में छठें दिन प्रशंसकों को निराश नही किया। सोमवार को तेंदुलकर ने बच्चों, बूढ़े, महिला, पुरूष सभी को आटोग्राफ दिए।
हर दिन की तरह सोमवार को भी सुबह से ही सचिन के दीदार के लिए चार दुकान, रूकबी मेनर के बाहर प्रशंसकों की भीड़ लगी रही। सुबह साढ़े दस बजे सचिन बोथवेल बैंक से वुडस्टॉक स्कूल के लिए निकल गए। वुडस्टॉक स्कूल में लगभग पौने दो घंटे बिताए।
प्रशंसकों के चेहरे खिल उठे
सचिन ने अपने मित्रों के साथ टेबिल टेनिस के साथ ही क्रिकेट में भी हाथ जमाए। वुडस्टॉक स्कूल में कुछ स्कूली बच्चों के साथ क्रिकेट खेला। सवा बारह बजे सचिन रूकबी मेनर में लंच के लिए पहुंचे। सचिन के कार को रूकबी के गेट पर पहुंचते ही प्रशंसकों के चेहरे खिल उठे।
सचिन ने प्रशंसकों को निराश नही होने दिया। और सभी के साथ फोटो खिंचवाने और आटोग्राफ देने का वादा किया। लेकिन भीड़ बढ़ने से कुछ प्रशंसकों को निराश होना पड़ा। रूकबी मेनर में सचिन ने मित्रों के साथ लंच लिया। और उसके बाद बोथवेल बैंक के लिए कार में सवार होकर निकल गए।
हाथ हिलाकर अभिवादन किया
सचिन की पत्नी डा. अंजलि कुछ महिला मित्रों के साथ पैदल ही बोथवेल बैंक के लिए निकली। बाद में सचिन कार से निकले। प्रशंसकों को कार के भीतर से ही हाथ हिलाकर अभिवादन किया। जब सचिन बोथवेल बैंक के लिए निकले तो प्रशंसकों ने काफी दूरी तक कार का पीछा किया।
बोथवेल बैंक से पहले लगे बेरियर पर सुरक्षा कर्मियों ने सभी को रोक लिया। संजय नारंग पूरे दिन सचिन के साथ ही रहे। संजय नारंग ने खुद कार ड्राइव की।
सचिन ने मसूरी प्रवास का छठा दिन अपने मित्रों के साथ बिताया। देर शाम को चार दुकान की और चहलकदमी की। और रूकबी मेनर में आयोजित खास डिनर पार्टी में शिरक्त की। मंगलवार सुबह सचिन सपरिवार मसूरी से अलविदा होंगे। बताया जाता है कि दोपहर में जौलीग्रांट से सचिन मुम्बई के लिए रवाना होंगे।
प्रशंसकों ने सचिन से मुलाकात की
दिल्ली और देहरादून से आए डीआईटी के छात्रों की मुराद पूरी हुई। दिल्ली से देहरादून रिश्तेदार की शादी में सरीक होने आए प्रशंसकों ने सचिन से मुलाकात की। दिल्ली गौतम नगर निवासी श्रीमती आदेश की उम्र लगभग 55 साल है। आदेश ने सचिन से पूरे परिवार समेत मुलाकात की।
सुमित चौधरी, आरती और ऋषभ सचिन से मिलकर फूले नही समाए। डीआईटी देहरादून के छात्र वैभव, मयंक, नीरज, आकाश, अभिषेक और शशांक की सचिन से मिलने की मुराद पूरी हुई। कुछ प्रशंसक सचिन का कटआउट लेकर चार दुकान से रूकबी मेनर तक मोटर साइकिल में चक्कर लगाते रहे।
