सकड़ी की कोमल का सपना हुआ सच

बैजनाथ (कांगड़ा)। कांगड़ा की एक और बेटी ने लेफ्टिनेंट बनकर जिले का नाम रोशन किया है। यहां बात हो रही है बैजनाथ उपमंडल के बाबा काठक (सकड़ी) गांव की 25 वर्षीय कोमल भूरिया की। एमईएस में सेवाएं दे रहे सुरेश चंद भूरिया की बेटी कोमल भूरिया ने फरवरी 2011 में सीडीएस की परीक्षा दी थी और जून 2011 में परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अप्रैल 2012 से मार्च 2013 तक चेन्नई स्थित आफिसर ट्रेनिंग एकडेमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कोमल भूरिया की प्रारंभिक शिक्षा पंजाब के भटिंडा स्थित आर्मी स्कूल में हुई है और बीएससी करने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से उन्हाेंने केमिस्ट्री में एमएससी तथा पटियाला स्थित गवर्नमेंट कालेज आफ एजूकेशन से बीएड की। कोमल ने बताया कि वह शुरू से ही सेना में सेवाएं देने का सपना संजोए हुए थी और अब उनका सपना साकार हुआ है। कोमल की लेफ्टिनेंट के तौर पर नार्दर्न कमांड में एजूकेशन कोर में नियुक्ति हुई है। बाबा काठक गांव में दिए गए भोज में उपस्थित कोमल की मां कुशल लता और बीटेक कर रहे भाई सुमीत ने उसकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है।

Related posts