
परागपुर (कांगड़ा)। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तत्वावधान में देहरा के बलाहर में स्थित राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उड़ीसा में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उड़ीसा के पुरी में पिछले दिनों आयोजित ग्लोरी फेस्टिवल में सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कई पुरस्कार जीतकर संस्थान के साथ-साथ इलाके का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी छात्रों ने लखनऊ में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में कई पुरस्कार हासिल किए थे। इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य, प्राध्यापक वर्ग के साथ-साथ छात्र भी खुश हैं। प्राचार्य प्रो. लक्ष्मी निवास पांडे ने बताया कि उड़ीसा के पुरी में 8 से 12 जनवरी तक आयोजित हुए ग्लोरी फेस्टिवल में हिस्सा लेने संस्थान के छात्र गए हुए थे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में छात्रों ने नाटक में पहला तथा एकल गीत, मोनो एक्ट, नाटी, डांस और लाइट इंस्ट्रूमेंट में तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रतिभागियों का बुधवार को लौटने पर संस्थान में स्वागत किया गया। प्रतिभागियों में छात्र अमित शर्मा, गौरव, विनोद कुमार, टेक चंद, मुकेश कुमार, प्रकाश चंद, रोहित गोस्वामी, सलिल, कर्ण और अमन तथा छात्राओं में सुनैना, सोनाली, कामना और भावना शामिल रहीं।
