
उत्तरकाशी। टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह ने कहा कि राज्य सरकार आपदा से उपजी समस्याओं के निदान को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि वह प्रभावितों की समस्याओं को संसद में उठाएंगी।
आपदा प्रभावित मनेरी और साल्ड का भ्रमण करने के बाद लोनिवि अतिथि गृह में पत्रकाराें से बातचीत में सासंद ने कहा कि आपदा को तीन माह बीतने को है, लेकिन अभी तक आपदा से उपजी समस्याआें का निदान नहीं हो पाया। ग्रामीण क्षेत्राें में सड़क, संपर्क और पुल ध्वस्त पड़े हुए हैं। कई गांवों में रसद भी नहीं पहुंच पा रही है।
बीते साल की आपदा से यदि सरकार सबक ले लेती तो इस बार उत्तरकाशी नगर और जोशियाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में हुए नुकसान को कम किया जा सकता था। सासंद ने कहा कि यदि सरकार अपने रवैये में सुधार नहीं लाती है तो भाजपा सड़कों पर उतरेगी। साथ ही वह प्रभावितों की समस्याओं को संसद में भी उठायेगी। वार्ता में हरीश सेमवाल, स्वराज विद्वान, लोकेंद्र बिष्ट, धृपाल पोखरियाल, नवीन पैन्यूली, जयवीर चौहान, कमल किशोर जोशी आदि मौजूद रहे।
