
कालाढूंगी। यूपी के अमरोहा से नैनीताल आई बारात की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। रविवार को विवाह के बाद बारातियों को लेकर लौट रहे कैंटर के खड्ड में पलट जाने से 15 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो बारातियों ने देर रात हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया। कैंटर में करीब 42 लोग सवार थे।
कालाढूंगी से करीब एक किलोमीटर पहले लाल मिट्टी के पास शाम करीब पौने पांच बजे यह हादसा हुआ। कैंटर सड़क से करीब 10 फीट नीचे गिरकर पलट गया। हादसे में दो दर्जन बाराती घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है। भीषण हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने में करीब दो घंटे लग गए। कैंटर के नीचे दबे शवों को निकालने में स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने ही दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को पलटा। तभी दबी लाशें निकल सकीं। हादसे में तीन बारातियों की कैंटर के नीचे दबने तो एक की पैराफिट के नीचे दबने से मौत हुई है, जबकि 13 बारातियों की छटकने और सिर में चोट लगने से मौत हुई है।
एसएसपी डा. सदानंद दाते ने बताया कि यूपी पुलिस के माध्यम से मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। एसएसपी के मुताबिक उत्तर प्रदेश जेपी नगर जिले में अमरोहा के मीरा सराय निवासी शकील के बेटे अजीम का निकाह नैनीताल के बारापत्थर निवासी अरमान शाह की बेटी रेशमा के साथ तय हुआ था। बारात आज सुबह नैनीताल पहुंची और सभी बाराती इसी कैंटर में सवार होकर पहुंचे थे। नैनीताल रजा क्लब में वैवाहिक समारोह के बाद अपराह्न तीन बजे बारात अमरोहा के लिए लौट रही थी। बारातियों से भरा कैंटर आगे चल रहा था, जबकि पीछे से दूल्हा-दुल्हन और कुछ अन्य दूसरी कार में थे।
करीब पौने पांच बजे कालाढूंगी के निकट लालमिट्टी के पास कैंटर चालक संतुलन खो बैठा और कैंटर 10 फीट नीचे गिरकर पलट गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों ने पुलिस और 108 आपात वाहन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी, एसडीएम, तहसीलदार और कालाढूंगी थाना प्रभारी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बैलपड़ाव से भी अतिरिक्त फोर्स मंगवाई गई। दुर्घटनाग्रस्त कैंटर में फंसे बारातियों को बाहर निकाला गया। कालाढूंगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों ने पहुंचकर घायलों का तत्काल उपचार कराया।
