संवेदनशील विद्यालयों को अन्यत्र संचालित करें

रानीखेत। बरसात के मौसम को लेकर प्रशासन मुस्तैद हो गया है। दैवीय आपदा को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों को सचेत कर दिया गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट डा. इकबाल अहमद ने अधिकारियों से कंट्रोल रूम स्थापित करने और संवेदनशील विद्यालयों को चयनित कर दूसरे स्थानों पर कक्षाएं संचालित करने को कहा। कहा कि लापरवाही बरतने वाले विभागों को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जाएगा।
मालूम हो कि बरसात के वक्त हर साल दैवीय आपदा से तमाम तरह की दुर्घटनाएं होती हैं। पिछले पांच सालों से क्षेत्र में दैवीय आपदा की घटनाओं में खासा इजाफा हुआ है। विद्यालय भवनों को भी खासा नुकसान पहुंचता है। इसी को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट डा. इकबाल अहमद ने अधिकारियों की बैठक ली। दैवीय आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एनएच से संवेदनशील मार्गों को चिह्नित कर वहां जेसीबी तैनात करने, खंड शिक्षा अधिकारी एचआर राजन से संवेदनशील विद्यालयों को चिह्नित कर दूसरे स्थानों पर कक्षाएं चलाने के निर्देश दिए। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से उन्होंने संवेदनशील पोलों को बदलने, हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त करने को कहा। वन विभाग के अधिकारियों से उन्होंने खतरनाक पेड़ों को चयनित कर उन्हें गिराने, सिंचाई विभाग से नहरों को ठीक करने को कहा। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि सभी विभाग कंट्रोल रूम स्थापित करें। बैठक में एसडीएम पंकज उपाध्याय, तहसीलदार धनी राम सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।

Related posts