
अल्मोड़ा। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शेर सिंह परगांई से हुई वार्ता के बाद सात दिन से कलक्ट्रेट प्रांगण में आमरण अनशन पर बैठे विभाग के संविदा अनुसेवक मोहन सिंह टंगड़िया का आंदोलन समाप्त हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने शासन से नियमितीकरण होने तक मोहन टंगड़िया को अनुसेवक का वेतनमान स्वीकृत करने के आदेश दिए हैं।
16 वर्ष से जिला पंचायत में दैनिक/संविदा पर कार्यरत अनुसेवक मोहन सिंह टंगड़िया नियमितीकरण की मांग को लेकर पिछले सात दिन से कलक्ट्रेट प्रांगण में भूख हड़ताल कर रहे थे। जिससे उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही थी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शेर सिंह परगांई और अन्य कार्मिक दोपहर कलक्ट्रेट पहुंचे। एएमए ने टंगड़िया को लिखित पत्र सौंपा। जिसमें कहा गया है कि उनकी दीर्घकालिक दैनिक और संविदा सेवा को देखते हुए पंचायत राज अनुभाग से विनियमितीकरण/ नियमितीकरण की प्रत्याशा है। नियमितीकरण होने तक जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन राम आर्य के आदेश पर मोहन सिंह टंगड़िया को अनुसेवक का वेतनमान 4440-7440 और 1300 ग्रेड-पे में न्यूनतम परिलब्धियां भुगतान करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। पत्र में कहा गया है कि भविष्य में शासन स्तर से जो भी आदेश दिए जाएंगे वह टंगड़िया को मान्य होंगे। इस पर मोहन टंगड़िया ने सहमति जताई और आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। एसडीएम पंकज उपाध्याय और एएमए शेर सिंह परगाई ने जूस पिलाकर मोहन सिंह टगंड़िया की भूख हड़ताल समाप्त की। इस मौके पर जिला अस्पताल के डा. आरसी पंत आदि मौजूद थे।
