
नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि कश्मीर मुद्दे की निगरानी संयुक्त राष्ट्र करें। उन्होंने कहा कश्मीरियों को आत्म-निर्णय का अधिकार होना चाहिए। कश्मीर के लोगों की उपेक्षा नहीं की जा सकती। इसलिए कश्मीर मुद्दे की निगरानी संयुक्त राष्ट्र करे। नवाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र से अपील की कि भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर मुद्दे को सुलझाने के लिए वो ठोस पहल करे।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के मुताबिक जम्मू कश्मीर का मसला जनवरी 1948 से ही सुरक्षा परिषद में है। सात दशक बीत जाने के बावजूद ये मामला अब तक अनसुलझा है। शरीफ और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की रविवार को यहां मुलाकात का कार्यक्रम है। शरीफ ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र को विवादों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। शरीफ ने कहा कि अतीत की तरह, पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आह्वान करता है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुसार कश्मीरियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपने भविष्य के बारे में फैसला करने का अवसर मिलना चाहिए।
