
नाचनी (पिथौरागढ़)। गोरी नदी में तमाम जगह पुल बहने से धामीगांव के भ्यूला में 18 और तामाखानी गांव में 29 परिवार घरों में कैद हो गए हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। इन लोगों के पास राशन की भारी कमी हो गई है।
भ्यूला के लोग गोरी नदी पार लुम्ती से तो तामाखानी के लोग बंगापानी से राशन लेते थे। लुम्ती का पुल, मनकोट में गरारी बहने से इन दोनों गांवों के लोग राशन लेने नहीं जा पा रहे हैं। भ्यूला के 17 बच्चे लुम्ती हाईस्कूल और तीन बच्चे मवानीदवानी जीआईसी में पढ़ते हैं, यह बच्चे घरों में कैद होकर रह गए हैं।
ग्राम प्रधान हयात सिंह धामी और सामाजिक कार्यकर्ता रूप सिंह धामी ने प्रशासन को लोगों के घरों में कैद होने और राशन समाप्त होने की सूचना देते हुए कहा है कि आपदा प्रभावित नहीं होने के कारण दोनों गांवों के लोगों को मदद नहीं मिल रही, लेकिन दोनों गांवों के लोग आपदा की चपेट में आ गए हैं। इन लोगों ने दोनों गांवों के लिए तेजम से राशन की सप्लाई करने की मांग की है। एसडीएम एके शुक्ला ने कहा है कि धामीगांव के सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान से भ्यूला के लोगों को दो दिन के भीतर राशन उपलब्ध कराया जाएगा। तामाखानी के लोगों को बंगापानी से राशन की सप्लाई की जाएगी।
