संपत्ति विवाद में दो भाइयों में मारपीट

रिवालसर (मंडी)। अप्पर बल्ह घाटी की ग्राम पंचायत लोअर रिवालसर में संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयाें में जमकर मारपीट हुई। गुत्मगुत्था दोनाें भाई एक-दूसरे की जान तक लेने पर उतारू थे, लेकिन उन्हें उस समयहवालात की हवा खानी पड़ी, जब दोनाें आवेश में मौके पर पहुंची पुलिस से भी बदसलूकी पर उतर आए। इनमें से बड़ा भाई पंचायत का प्रधान भी रह चुका है।
गांववालाें की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन दोनाें भाई पुलिस से बदसलूकी करने पर उतर आए। इस पर पुलिस ने दोनाें को भादंसं की धारा 107, 151 के तहत मामला दर्ज करते हुए हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में दोनाें को जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पदम सिंह ग्राम पंचायत लोअर रिवालसर का पूर्व प्रधान रह चुका है। गत रात संपत्ति विवाद को लेकर उसका तथा उसके छोटे भाई धर्मपाल के बीच टकराव हो गया। इस बीच दोनाें भाई खूब हुड़दंग मचाने लगे। शोरगुल से आस-पड़ोस के घरों में लोगाें का सोना मुश्किल हो गया। पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के आंगन में मिट्टी का तेल बिखरा हुआ था। आग बबूला दोनों भाई एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू थे। पुलिस ने दोनों भाइयों को समझाने की कोशिश की। इसके अलावा परिवार के सदस्य भी उन्हें काबू करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन दोनाें पुलिस से बदसलूकी पर उतर गए। अगले दिन दोनों भाइयों को उपमंडलाधिकारी सदर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनाें को जमानत पर छोड़ दिया गया है। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए रिवालसर चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि दोनों भाई संपत्ति विवाद को लेकर एक-दूसरे के घरों को मिट्टी तेल से जलाने तथा जान से मारने पर उतारू थे। उन्होंने पुलिस से भी बदसलूकी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, तफ्तीश जारी है।

Related posts