
रुद्रपुर। करीब चार माह पहले हुए संध्या हत्याकांड के बाद अब पुलिस पूजा हत्याकांड में उलझ गई है। दोनों की हत्या क्यों और किसने की यह सवाल पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
चार अगस्त को पुलिस को रामपुर खजुरिया खुर्द निवासी नरेश पाल ने सूचना दी थी कि उसकी रंपुरा निवासी बहन पूजा की हत्या कर दी गई है। पुलिस को पूजा मृत मिली और उसके गले में निशान मिले थे। मौके पर पुलिस को मृतका की सास और तीन बच्चे ही मिले, जबकि पति फरार बताया जा रहा था। हालांकि बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी पूजा की गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। इधर हत्या के पांच दिन बीतने के बाद भी न तो मृतका के भाई और न पति की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। कुछ इसी तरह 16 अप्रैल 2013 को ट्रांजिट कैंप निवासी 15 वर्षीय छात्रा संध्या के साथ भी हुआ था। घटना के समय वह घर पर अकेली थी, और संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने से उसकी मौत हो गई थी। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संध्या की मौत गला घोंटकर होने की पुष्टि हुई थी। परिजनों की ओर से कोई तहरीर न मिलने पर ट्रांजिट कैंप चौकी इंचार्ज की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। अब सवाल यह है कि दोनों की ही हत्या किसने और क्यों की। इसका जवाब ढूंढना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
