संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत

दिनेशपुर। संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर पति को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को सुंदरपुर निवासी कृष्णपद मंडल सुबह जब उठा तो बगल के कमरे में उसकी 32 वर्षीय पत्नी ज्योत्सना फर्श पर छटपटा रही थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा है। कृष्णपद का कहना है कि वह पत्नी को इलाज के लिये वाहन से रुद्रपुर ले जा रहा था। रास्ते में रेलवे फाटक के पास उसकी पत्नी ने दम तोड़ दिया। सूचना पर एसएसआई सतीश शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई का कहना है कि घटना स्थल के मुआयना से ऐसा लगता है कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से ही हुई है। महिला ने जहर खाने के बाद कमरे में कई जगह और धान के खेत में उल्टी भी की है। जिसे खाने पर पड़ोसी मिलन की पांच बतख भी मर गई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उधर मृतका के पिता उदयनगर निवासी अनंत विश्वास ने थाने में तहरीर देकर दामाद पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले उसकी बेटी की शादी कृष्णपद से हुई थी। शादी के बाद से ही दामाद उसकी बेटी के साथ मारपीट और उत्पीड़न करता था। पुलिस ने मृतका के पति को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है।

Related posts