
रुड़की। एक महिला की चावमंडी स्थित मायके में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका पति भी उसके साथ था। पति शव को लेकर अपने घर पहुंचा। लेकिन मायके पक्ष के लोगों ने गले में निशान होने और मुंह से खून रिसने का आरोप लगाया और शव अपने साथ ले आए। मायके पक्ष के लोग पति पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के चावमंडी निवासी एक 28 वर्षीय युवती का विवाह करीब पांच साल पूर्व कनखल हरिद्वार निवासी युवक से हुआ था। विवाहिता के दो बच्चे भी है। बताया गया कि 17 जून को विवाहिता अपने मायके आई थी। बुधवार शाम को उसका पति उसे लेने के लिए मायके पहुंचा। रात को दोनों इकट्ठे एक कमरे में बच्चों के साथ सो गए। सुबह को विवाहिता अचेत हालत में मिली। पति का कहना था कि हार्टअटैक आया है। डाक्टर को दिखाया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पति शव लेकर कनखल चला गया। इसकी सूचना पाकर मृतका के पिता जो कहीं बाहर नौकरी करते हैं। कनखल पहुंचे और वहां पर मायके पक्ष ने विवाहिता के मुंह से खून और गले में निशान देखे तो पति से पूछताछ की। लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग शव लेकर चावमंडी रुडकी आ गए और पुलिस को सूचना दी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी डीएस भंडारी का कहना है कि अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।
