संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत

जसपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गयी। तहसीलदार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं है।
शनिवार को पिंकी नामक एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिंकी (24) नेपाली मूल की थी। उसका विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व मुहल्ला नत्था सिंह निवासी विनोद कुमार पुत्र रामकिशोर से हुआ था। उसका पति टैक्सी ड्राइवर है। मृतका के ससुराल के लोग उसके माता-पिता को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार करने शव को मिनी ट्रक में रखकर हरिद्वार ले जा रहे थे। उधर मृतका का भाई विनोद कुमार नगर के एक होटल में नौकरी करता है। बहन की मौत की सूचना मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी तथा बहन की हत्या किए जाने का शक जाहिर किया। पुलिस ने तहसीलदार सीएस बिष्ट से पंचनामा भरवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा पति को हिरासत में ले लिया।
वहीं कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि मृतका के शरीर में चोटों के निशान नहीं थे। उधर मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि वह पीलिया रोग से पीड़ित थी। मृतका अपनी पीछे एक छह माह की बच्ची को छोड़ गयी है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं करायी गयी थी।

Related posts