
डरोह (कांगड़ा)। वीरवार को चोरों ने ग्रामीणों और पुलिस वालों की खूब कसरत करवाई। थाना भवारना के अंतर्गत पंचायत डरोह के गांव गदियाड़ा में दिन में ही संदिग्धों ने दस्तक दे दी। डरोह के गढ़ लिंक रोड पर एसबीआई बैंक के एटीएम में तीन संदिग्ध लोग करीब एक घंटे तक डटे रहे। दो लोग अंदर थे और एक एटीएम के बाहर पहरा देता रहा। ऐसे में एक दुकानदार ने उन लोगों को देखा और उसने पूछताछ की।
इस दौरान अन्य दुकानदार भी इकट्ठा होना शुरू हो गए। शातिरों ने वहां पर खड़े सभी लोगों को चकमा दे दिया तथा पीटीसी की तरफ दौड़ लगाई। दुकानदारों के शोर मचाने पर इलाके के सैकड़ों लोग उन्हें पक ड़ने के लिए दौड़े, लेकिन कोई भी हाथ नहीं लगा। पीटीसी डरोह के साथ लगती सुकलन खड्ड में ये संदिग्ध दिन में ही गायब हो गए। उधर, भवारना पुलिस का एक दल भी मौके पर पहुंच गया था। उन्होंने भी गांव वालों के साथ उन्हें ढूंढने का प्रयास किया लेकिन वह भी विफल रहे।
