
शिमला। राजधानी के सबसे बड़े उपनगर संजौली और बालूगंज चक्कर के लिए शुरू की गई शटल बस सेवा (हरे रंग की बसें) बंद कर दी गई हैं। उपनगरों से हटाकर बसों को अब टुटीकंडी आईएसबीटी से ओल्ड बस स्टैंड रूट पर चलाया जा रहा है। बस सेवा बंद होने कारण उपनगरों के लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
टुटीकंडी आईएसबीटी से संजौली पहुंचने के लिए इन दिनों लोगों को तीन-तीन बसें बदलनी पड़ रही हैं। आईएसबीटी से विक्ट्री टनल, विक्ट्री टनल से लक्कड़ बाजार और लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से संजौली के लिए बसें लेनी पड़ रही हैं। इस रूट पर 11 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब एक घंटे का समय लग रहा है।
उधर, बालूगंज चक्कर रूट पर शुरू की गई बस सर्विस भी बंद कर दी गई है। दोनों रूटों पर एचआरटीसी की ओर से शटल बस सेवा शुरू की गई थी। सुबह से शाम तक दो बसें निरंतर इन रूटों पर चल रही थीं जिससे लोगों को आवाजाही करने में सुविधा मिल रही थी। एकाएक बस सेवा बंद होने से लोगों के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। आईएसबीटी से सीधी बस सेवा के अभाव में लोगों को भारी भरकम सामान के साथ ओवरलोड बसों में धक्के खाने पड़ रहे हैं।
बस स्टैंड के लिए है शटल बस सर्विस : नेगी
शटल बस सर्विस विशेष तौर पर टुटीकंडी आईएसबीटी को ओल्ड बस स्टैंड से जोड़ने के लिए शुरू की गई है। पब्लिक डिमांड पर बस को अस्थायी तौर पर उपनगरों के लिए चलाया गया था। बस स्टैंड के बीच आवाजाही में लोगों को दिक्कत पेश न आए, इसके लिए अब सभी बसों कोे पुन: इस रूट पर चलाया जा रहा है। उपनगरों के लिए अतिरिक्त बस सेवा शुरू की जा रही है।
