
शिमला। ट्रैवल एजेंट यूनियन शिमला की नई कार्यकारिणी गठित करने के बाद पिछले रोज कालीबाड़ी हॉल में पहली आम सभा हुई। अध्यक्ष जीएम वानी की अध्यक्षता में हुई आम सभा में कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। मौजूद प्रधान नवीन पाल, उप प्रधान मोहित शर्मा, महासचिव मनु सूद, संयुक्त सचिव आशित गुप्ता के अलावा कार्यकारिणी में सबकी सहमति से केदार दत्त, बाल किशन, प्रेम अटवाल, संजय शर्मा, बलदेव ठाकुर को सलाहकार, संजीव गुप्ता को प्रेस सचिव, रितेश शर्मा को कोषाध्यक्ष, विजय नेगी सुनील सूद और विक्की को कार्यकारिणी सदस्य जबकि दिनेश चोपड़ा, सूरज, अनुज सूद, नरेंद्र दीपक सूद, अशोक चौहान, केदार दत्त, सहित दस लोगों को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
आम सभा में गैर पंजीकृत लोगों की ओर से बुकिंग पर अंकुश लगाने का मामला उठा। विश्व पर्यटन दिवस पर 27 सितंबर को शहर में कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसकी शुरूआत 25 सितंबर से पौधरोपण से की जाएगी। 26 और 27 सितंबर को रिज मैदान पर फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। उसमें यूनियन सक्रिय रूप से हिस्सा लेगी। 27 सितंबर को यूनियन सौ टैक्सियों में यहां आने वाले पर्यटकों को सिर्फ तेल के खर्च पर स्थानीय पर्यटक स्थलों पर घुमाने का कार्य करेगी। इस रोज पर्यटकों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। आम सभा में फैसला लिया गया कि यूनियन 25 से 31 दिसंबर तक शिमला विंटर फेस्टिवल का आयोजन करेगी। 15 से 18 मार्च 2014 को कोलकाता में हिमाचल पर्यटन मेला आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष नवीन पाल ने कहा कि इस मेले में हिमाचली फूड फे स्टिवल का आयोजन होगा और हिमाचली उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
