संगीता मौत प्रकरण पर दिया धरना

बागेश्वर। संगीता मलड़ा मृत्यु प्रकरण पर भाकपा माले से संबद्ध अखिल भारतीय किसान महासभा, आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन और आंगनबाड़ी कार्यकत्री यूनियन की सदस्यों ने यहां तहसील कार्यालय पर धरना दिया। इस मामले में सीबीसीआईडी जांच पूरी नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन दिया गया।
किसान महासभा और अन्य संगठनों के आह्वान पर सोमवार को तहसील मुख्यालय पर धरना दिया गया। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि संगीता मलड़ा की हत्या शराब तस्करों ने की है। किंतु इतने बड़े कांड के बावजूद गांव में आज भी धड़ल्ले से शराब बिक रही है। उन्होंने कहा कि संगीता हत्याकांड की सीबीसीआईडी जांच आज तक पूरी नहीं हुई है। पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन प्रशासन ने दिया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। मृतका के पति को सरकारी नौकरी देने की मांग पर भी अमल नहीं हुआ है।
वक्ताओं ने मंडलसेरा सहित पूरे क्षेत्र में शराब की तस्करी पर रोक लगाने, तस्करों पर कार्रवाई करने, मंडलसेरा क्षेत्र से लावारिस पशुओं को हटाने की भी मांग की।
इस मामले में एसडीएम को ज्ञापन दिया गया। धरने पर संगीता के पति प्रकाश मलड़ा, किसान महासभा के जिला संयोजक प्रताप सिंह मलड़ा,रमुली देवी,शेर सिंह मलड़ा, पार्वती पांडे, कमला पांडे,कमला रौतेला,गीता रौतेला,हेमा मलड़ा सहित कई लोगों ने भाग लिया।

Related posts