
बागेश्वर। भाकपा माले से संबद्ध अखिल भारतीय किसान महासभा, आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन और आंगनबाड़ी कार्यकत्री यूनियन की संयुक्त बैठक में संगीता मलड़ा मृत्यु प्रकरण को जोर-शोर से उठाने का निर्णय लिया गया। पुलिस और प्रशासन पर शराब तस्करी के मामलों की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया। कथित हत्याकांड की सीबीसीआईडी जांच पूरी नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। साथ ही तीन सितंबर को धरना देने का निर्णय लिया गया।
मंडलसेरा के प्रावि बानरी में हुई बैठक में अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा और सचिव जगत मर्तोलिया ने कहा कि संगीता मलड़ा की कथित हत्या शराब तस्करों ने की है। मंडलसेरा गांव जिला मुख्यालय से मात्र आधा किलोमीटर की दूरी पर है। इतने बड़े कांड के बावजूद गांव में आज भी धड़ल्ले से शराब बिक रही है। पुलिस प्रशासन लाचार बना है। वक्ताओं ने कहा कि संगीता हत्याकांड की सीबीसीआईडी जांच आज तक पूरी नहीं हुई है। पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन प्रशासन ने दिया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। मृतका के पति को सरकारी नौकरी देने की मांग पर भी अमल नहीं हुआ है। इस मामले की उपेक्षा के कारण लोगों में रोष है। बैठक में तय हुआ कि तीन सितंबर को तहसील मुख्यालय पर सभी संगठनों के सहयोग से धरना दिया जाएगा। बैठक में संगीता के पति प्रकाश मलड़ा सहित कई लोगों ने भाग लिया।
