
चौंतड़ा (मंडी)। प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ है। अगर संगठन सशक्त होगा तो हर बाधा आसान होगी। वह चौंतड़ा में भाजपा की बैठक में बोल रहे थे। इससे पूर्व जोगिंद्रनगर के विधायक ठाकुर गुलाब सिंह के नेतृत्व में मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि वे आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार बुरी तरह से असफल हो गई है। इन चार महीनों में प्रदेश की जनता का मोह सरकार से भंग हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकार की तरह कार्य नहीं कर रही, बल्कि जांच आयोग की तरह कार्य कर रही है, जो मात्र भाजपा को बदनाम करने के साथ जनता को गुमराह कर रही है ताकि लोग विकास के मुद्दों को भूला दें और प्रदेश सरकार अपनी नाकामियां छुपा सके।। उन्होंने कहा कि विजिलेंस प्रदेश सरकार के हाथों की कठपुतली बन गई है, जिसका उपयोग दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। इस अवसर पर ठाकुर गुलाब सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के चार महीने के कार्यकाल में प्रदेश की हालत दयनीय हो गई है, जिसका मुख्य कारण प्रदेश सरकार की दिशाहीन नीतियां हैं। प्रदेश सरकार विकास कार्यों को छोड़कर तबादलों में लगी हुई है। अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर शुरू की गई योजनाओं के नामों को बदल कर कांग्रेस सरकार ने गलत प्रथा शुरू की है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री पवन राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मोहम्मद राजबली, मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर भी मौजूद थे।
