
पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश भाजपा के तीन दिवसीय अभ्यास शिविर के आखिरी दिन राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन को चुस्त-दुरुस्त रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो ही पार्टी मजबूत होगी। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। इसके लिए हमें अभ्यास शिविरों में मिल रही सीख को बूथ स्तर तक ले जाना होगा।
उन्होंने कहा कि अभ्यास शिविर में भाग लेने से ही काम नहीं चलेगा, बल्कि संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक जाना होगा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा के आदर्श पुरुषों के बारे में जानकारी दी और कार्यकर्ताओं से उनके पथ पर चलने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि जिन सिद्धांतों को लेकर इन महापुरुषों ने अपने जीवन को देश सेवा में न्योछावर कर दिया, उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए पार्टी के कार्यों को बढ़ाएं और किसी भी परिस्थिति में अपने सिद्धांतों के प्रति अडिग रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के सिद्धांतों के पथ पर चलकर पार्टी के स्वच्छ धरातल की नींव को और मजबूत किया जाए।
