श्रावण अष्टमी मेलों को सजा मां का दरबार

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। श्रावण अष्टमी मेलों के लिए ज्वालाजी में माता का दरबार सज गया है। मंदिर में रविवार को पूजा-अर्चना के बाद मेले का शुभारंभ होगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। मेले में 40 अतिरिक्त कर्मी रखे गए हैं, जो पेयजल और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे। मेले के दौरान मंदिर के गर्भगृह में नारियल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मंदिर कर्मचारियों, अस्थायी कर्मचारियों, पुजारियों और मेला ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को पहचान पत्र जारी किए गए हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के कन्या पूजन स्थल, मुंडन स्थल का विशेष रूप से प्रंबध किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नवरात्र में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। सहायक मंदिर आयुक्त विनय कुमार ने बताया कि नवरात्र में ज्वालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं।

16 सीसीटीवी कैमरे रखेंगे नजर
मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सभी प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 16 सीसीटीवी कैमरेे स्थापित किए हैं। मंदिर के चप्पे-चप्पे पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। शहर को सात सेक्टरों में बांटा गया है। इसमें विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की सुविधा रहेगी। नादौन, कांगड़ा, देहरा मार्ग पर पुलिस की चौकियां बनाई गई हैं।

ज्वालाजी में होंगी पांच आरतियां
सुबह 5 से 6 बजे होने वाली आरती में मालपुआ, रबड़ी, पीले चावल का भोग लगेगा। दोपहर 11:30 से 12:30 बजे तक षटरस का भोग लगेगा। साय: 7 से 8 बजे तक पूरी चने का भोग लगेगा। शाम 9 से 9:30 बजे तक ऋृतु फल का भोग लगेगा। 9:30 से 10 बजे तक शृंगार आरती होगी। इसमें मिश्री, दूध का भोग लगेगा।

Related posts