

मुंबई: बंबई शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार छठे दिन जारी रहा और सेेंसेक्स 311 अंक की छलांग के साथ 26,000 अंक के स्तर को पार कर गया। कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों तथा विदेशी कोषों का प्रवाह जारी रहने से सेेंसेक्स ने एक बार फिर 26,000 अंक का स्तर हासिल किया है।
अब तक सेंसेक्स ने दूसरी बार 26,000 का आंकड़ा पार किया है। मजबूत रुख के साथ खुलने के बाद बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 310.63 अंक या 1.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,025.80 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 7 जुलाई को सेंसेक्स 26,100.08 अंक पर बंद हुआ था। पिछले छह सत्रों मेंं सेंसेक्स 1,018 अंक या 2.3 प्रतिशत का लाभ दर्ज कर चुका है।
इसी तरह नैशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 83.65 अंक या 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,767.85 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसने दिन का उच्चस्तर 7,773.85 अंक भी छुआ। सेेंसेक्स के 30 शेयरों में भारती एयरटेल का शेयर सबसे ज्यादा 5 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी व टीसीएस के शेयर भी मजबूत रहे।
ब्रोकरों ने कहा कि विदेशी कोषों के सतत प्रवाह वृहद आर्थिक संकेतकों में सुधार, मानसून की प्रगति व वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों से बाजार मजबूत हुआ। आइडिया सेल्युलर के कल आए नतीजों व नियामक ट्राई द्वारा सभी श्रेणियों के स्पैक्ट्रम की भागीदारी की सिफारिश के बाद दूरसंचार कंपनियों के शेयर मांग में रहे।
हालांकि, ज्यादातर मिडकैप व स्मालकैप शेयर या तो स्थिर रख या गिरावट के साथ बंद हुए। अस्थायी अांकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने कल 161.17 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
