
गोहर (मंडी)। जंजैहली घाटी में बुधवार तड़के शार्प शूटरों ने बनौलीधार गांव में एक और नर तेंदुए को मार गिराया है। घाटी में आदमखोर तेंदुए के हमले को देखते हुए वन विभाग की ओर से चलाए गए आपरेशन में शूटर अब तक दो तेंदुए मार चुके हैं, लेकिन इन तेंदुओं के नरभक्षी होने को लेकर असमंजस की बना हुआ है। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट भी अभी तक नहीं मिली है।
जंजैहली घाटी के बनौलीधार गांव में शूटराें ने बुधवार सुबह तेंदुए को मारने में कामयाबी हासिल की है। वाइल्ड लाइफ विभाग के चिकित्सकों ने तेंदुए का पोस्टमार्टम कर दिया है। हैदराबाद से आए शार्प शूटर नवाब ने अपने निशाने से दूसरे तेंदुए को ढेर किया है। डीएफओ नाचन पीडी डोगरा ने तेंदुए के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह बनौलीधार जंगल के समीप बैठे शूटरों ने सामने से आए तेंदुए पर निशाना साधकर उसे ढेर कर दिया। जबकि, एक अन्य तेंदुआ भागने में कामयाब रहा। शूटर नवाब ने बताया कि दो तेंदुए साथ साथ जा रहे थे। जिनमें एक उनकी गोली का निशाना बना तथा दूसरा भागने में सफल हो गया। क्षेत्र में तेंदुआ अब तक तीन लोगों को मौत के घाट उतार चुका है और दो लोगों को बुरी तरह जख्मी कर चुका है। 10 अगस्त को शूटरों ने लंबाथाच में एक तेंदुए को मारा था। डीएफओ पीडी डोगरा ने बताया कि विभाग की ओर से आदमखोर तेंदुए मारने के लिए अभियान जारी रहेगा।
