शुल्क बढ़ाने पर उखड़े कारोबारी

घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं द्वारा बढ़ाई गई विभिन्न प्रमाण पत्रों और एनओसी की दरों के विरोध में स्वर मुखर हो गए हैं। व्यापार मंडल घुमारवीं की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने फीस बढ़ोतरी पर तल्खी जाहिर करते हुए इसे पूर्व की भांति यथावत रखने की मांग की है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष हेम राज सांख्यान की अगुवाई में लोगों ने एसडीएम घुमारवीं राजीव कुमार और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी विनोद कुमार को ज्ञापन सौंप कर शुल्क में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की है।
व्यापार मंडल का कहना है कि नगर परिषद की ओर से लिया गया निर्णय न्यायसंगत नहीं है। नगर परिषद को अपनी आय बढ़ाने के लिए अन्य कदम उठाने चाहिए। नगर परिषद ने अपने सालाना बजट में कई शुल्क बढ़ाए हैं। नई दरों के अनुसार विवाह पंजीकरण 50 से बढ़ाकर सीधा 200 रुपए, तह बाजारी 20 से 30, जन्म व मृत्यु पंजीकरण 10 से 50, अनापत्ति प्रमाण पत्र 100 से 200 रुपए किया था। मकान और दुकान के नक्शों की फीस भी ग्राउंड फ्लोर दो रुपये प्रति वर्ग फुट, प्रथम तल तीन रुपये प्रति फुट, द्वितीय तल चार और तृतीय तल की फीस पांच रुपये प्रति वर्ग फुट की है। वर्ष 2009 से नक्शा फीस बंद कर दी गई थी।
व्यापार मंडल के प्रधान हेम राज सांख्यान, महासचिव राजपाल उप्पल, उपप्रधान विनोद सागर, कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा, पूर्व प्रधान राकेश चौपड़ा, मिलान गुप्ता, सतीश सोनी, महेंद्र पाल रत्वान, विशाल नड्डा, शिव कुमार, वीके अरोड़ा, सतीश रत्वान और शिव ने कहा कि किसी भी नगर परिषद में इस तरह की फीस नहीं वसूली जा रही। शहर में सफाई व्यवस्था चरमराई और रास्ते खराब हैं। कूड़ा संयंत्र स्थापित करने के लिए नगर परिषद के पास 90 लाख के बावजूद भी कुछ नहीं हो रहा। दुकानों का किराया बराबर नहीं वसूला जा रहा। उन्होंने शुल्क में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने की मांग की है। उधर, कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा ने कहा कि व्यापार मंडल की मांग को नगर परिषद की बैठक में रखा जाएगा।

Related posts