शुल्क देने के बाद भी सामान सुरक्षित नहीं

नाहन (सिरमौर)। कालाअंब के त्रिलोकपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बालासुंदरी मंदिर में नवरात्र मेले के चलते दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं को पार्किंग शुल्क देने के बावजूद भी गाड़ी के भीतर रखे सामान की पूरी सुरक्षा नहीं मिल रही। दर्जनाें श्रद्धालुओं ने शिकायत करते हुए बताया कि 50 रुपए की पर्ची कटवाने के बावजूद भी सामान की सुरक्षा देने को कोई तैयार नहीं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से शीघ्र ही इस बारे कोई उचित कदम उठाने की मांग की है।
पिंजौर से आए श्रद्धालु सुभाष, लाडी शर्मा, अशोक कुमार व कमलेश ने बताया कि वह सोमवार को अपने परिवार सहित त्रिलोकपुर मंदिर माथा टेकने के लिए आए लेकिन वहां पर पार्किंग की अव्यवस्था एवं गैर जिम्मेदारी देखकर उन्हें बड़ी हैरानी हुई। उन्होंने बताया कि 50 रुपए पार्किंग शुल्क देने के बाद भी गाड़ी तथा सामान की सुरक्षा की कोई पुख्ता गारंटी नहीं है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रशासन का पार्किंग स्थानों पर कोई नियंत्रण नहीं है। चारों तरफ गंदगी का माहौल है। माता के मंदिर में हर नवरात्र को करोड़ों रुपए का चढ़ावा चढ़ने के बाद भी श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई।
उधर इस मामले में मुख्यालय स्थित तहसीलदार केएस लालटा ने बताया कि प्रशासन के पास पार्किंग जमीन न होने से पंचायत को यह काम सौंपा गया है। अगर पंचायत श्रद्धालुओं से शुल्क ले रही है तो वाहनों की सुरक्षा भी पंचायत को पुख्ता करनी होगी।

Related posts