
स्वारघाट (बिलासपुर)। बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने कहा कि नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र की कोठीपुरा पंचायत में छह वर्षों से बंद पड़ी सिंचाई स्कीम जल्द ही जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। ताकि लोगों को सिंचाई सुविधा मुहैया कराई जा सके।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने स्वारघाट में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कोठीपुरा पंचायत में लंबे समय से सिंचाई स्कीम बंद पड़ी हुई। इसके चलते लोगों को सिंचाई सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पोपो बस्ती के लिए जाने वाली संपर्क सड़क खोलने के लिए एसडीएम सदर द्वारा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कोठीपुरा में बने अंबेडकर भवन में रसोई घर व स्नानागार नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसके निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नोवा भवन के निर्माण के लिए भी डेढ़ लाख रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि केंद्र सरकार की पीडीएस योजना को प्रभावशाली ढंग से लागू किया जाए। ताकि पात्र लोगों को इसका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का एक साल का गौरवमय कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रखे एग कार्यक्रम में नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र से लगभग दो हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके लिए प्रत्येक पंचायत से 50 कार्यकर्ताओं की टीमें तैयार की गई है।
