
हरिद्वार। लक्सर स्थित राय बहादुर नारायण सिंह शुगर मिल से लिए गए चीनी के सैंपल फेल होने पर एडीएम कोर्ट ने मिल पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। पिछले साल नवंबर में सैंपल लिए गए थे, जिनका परीक्षण रुद्रपुर स्थित लैब में किया गया। परीक्षण में चीनी में बाह्य पदार्थ मिले होने की पुष्टि हुई थी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरएस रावत ने बताया कि पिछले साल नवंबर में राय बहादुर नारायण सिंह शुगर मिल से चीनी के सैंपल भरे गए थे। परीक्षण में चीनी में बाह्य पदार्थ मिले होने की पुष्टि हुई थी। जो चीनी की गुणवत्ता को कम साबित कर रही थी। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने एडीएम वित्त आलोक कुमार पांडे की कोर्ट में वाद दायर किया था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद एडीएम कोर्ट ने लक्सर शुगर मिल पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आदेश उन्हें प्राप्त हो गया है। इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
