
शीशा तोड़कर गाड़ी से पैसे चुराने का प्रयास
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ में 10 साल के एक प्रवासी लड़के ने कार का शीशा तोड़कर पैसे लूटने का प्रयास किया। हालांकि शीशा टूटने की आवाज से तुरंत ही आसपास के लोग वहां एकत्र हो गए और उन्होंने प्रवासी बच्चे को पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लड़के को हिरासत में लिया। आरोपी लड़के से कड़ी पूछताछ की जा रही है, वहीं कार मालिक से गाड़ी में पड़े पैसों व दस्तावेजों के बारे में जानकारी ले रही है। यह कार नालागढ़ रोपड़ मार्ग पर परिवहन निगम की वर्कशॉप के सामने खड़ी थी। डीएसपी नालागढ़ निश्चिंत नेगी ने कहा कि पुलिस प्रवासी लड़के से गहनता से पूछताछ कर रही है। हो सकता है कि इस लड़के को किसी गिरोह से संबंध हो, इसके लिए पुलिस कई जगहों पर दबिशें दे रही है।
कई घटनाओं में लोगों को लगा है लाखों का चूना
बीते कुछ समय में बीबीएन में गाड़ियों से पैसे चोरी की कई वारदातें हुईं हैं। इसमें बद्दी साईं मार्ग पर उद्योगपति महेंद्र सिंह ने बैंक से पैसे निकाले और उसकी गाड़ी से चोरी की गई, लेकिन गनीमत यह रहा कि उद्यमी ने पैसे अपने जेब में रखे हुए थे। वहीं नालागढ़ के पटेड़ भौंकू निवासी ठेकेदार सतनाम सिंह की इनोवा गाड़ी से पीएनबी शाखा नालागढ़ के सामने चोरों ने कार का शीशा तोड़ अटैची चुरा ली और उसमें रखी एक लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मिनी सचिवालय परिसर के बाहर वाले रास्ते पर खड़ी एक कार से चोरों ने इस तरीके से हाथ साफ किया कि गाड़ी में रखी 5 लाख की नकदी ले उड़े। बद्दी के एक बैंक के आगे स्कूटर में रखी नकदी को चोर उड़ाने में कामयाब रहे और सभी की आंखों में धूल झोंक नकदी ले उड़े।
