शीला ने की राहुल को प्रधानमंत्री बनाने की पुरजोर वकालत

शीला ने की राहुल को प्रधानमंत्री बनाने की पुरजोर वकालत

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने की पुरजोर वकालत की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि अगले साल लोकसभा चुनावों के बाद शीर्ष पद पर कांग्रेस महासचिव को देखने के लिए वह हरसंभव प्रयास करें। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में शीला ने कहा कि अगले दस माह में यह देखने के लिए सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने मतभेद भुला देने चाहिए और ‘बलिदान’ देना चाहिए कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें।

उन्होंने कहा ‘हमें सोनिया गांधी का बलिदान नहीं भूलना चाहिए। पार्टी के लिए उनके जैसा बलिदान और किसी ने नहीं दिया है। हमें वह कर्ज उतारना होगा। हमें राहुल को प्रधानमंत्री बनाना होगा। ऐसा हो, इसके लिए हमें बलिदान देना होगा। इस पद पर पहुंचने के लिए हमें उनकी मदद करनी होगी।’ दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अप्रैल माह में होने जा रहे लोकसभा चुनावों की तैयारी शुरू करने को कहा।

उन्होंने कहा कि राहुल प्रधानमंत्री पद के इच्छुक नहीं हैं और कार्यकर्ताओं को ऐसा आधार बनाना होगा कि वह प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हो जाएं।’ उन्होंने कहा ‘कृपया यह संकल्प करें कि राहुल गांधी के लिए आधार बनाने की खातिर आप हरसंभव बलिदान देंगे। हमें उनसे उर्जा मिलती है। हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं लेकिन अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए हमें मतभेद दरकिनार करने होंगे।’ दिल्ली में कांग्रेस मामलों के हाल ही में प्रभारी बनाए गए अहमद के सम्मान में आयोजित समारोह में कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी, शकील अहमद, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जे पी अग्रवाल, दिल्ली के सभी मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

शीला ने पार्टी कार्यकर्ताओं से दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की लगातार चौथी जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी ‘लघु भारत’ है और यहां के चुनाव के नतीजों का बहुत महत्व होता है क्योंकि ये एक तरह से देश की ‘सोच’ परिलक्षित करते हैं। उन्होंने कहा ‘अगर दिल्ली में कांग्रेस जीतती है तो यह करीब करीब साफ हो जाता है कि देश में भी कांग्रेस ही जीतेगी।’ विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए शीला ने कहा कि केंद्र में स्थिर सरकार केवल कांग्रेस ही दे सकती है।

Related posts