शिव शंकर को जिसने पूजा उसका बेड़ा पार हुआ’

शिमला। सावन के सोमवार को शिव मंदिरों में ‘बोल बम बम’ के जयकारे गूंजते रहे। शिव भक्तों की भीड़ सुबह से ही मंदिरों में जुटनी शुरू हो गई। शिवालयों में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर मुराद मांगी। सोमवार को शहर के तमाम शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए खास बंदोबस्त किए गए थे। मंदिरों में भक्तों को प्रसाद बांटा गया। मंदिर पहुंचने वाले अधिकांश लोगों ने सोमवार को व्रत भी रखा था। शिवालयों में सबसे ज्यादा भीड़ सुबह के समय रही। सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास स्थित शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ सुबह 5:00 बजे से ही पहुंचने लगी थी। यहां भक्तों ने जल, दूध, दही और शहद से शिवलिंग का अभिषेक किया। मिडल बाजार स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं। सभी को जलाभिषेक करने का मौका मिले, इसके लिए मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर में पूजा अर्चना के लिए विशेष तौर पर बेल पत्रों और फूलों की व्यवस्था की गई थी। भट्ठाकुफर स्थित गुफा वाले मंदिर में भक्तों का दिनभर तांता लगा रहा। शिव दर्शनों के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कालीबाड़ी मंदिर के शिवालय में भी दिन भर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ जुटी रही।

सैलानियों ने भी किया जलाभिषेक
लिफ्ट स्थित शिव मंदिर में स्थानीय लोगों के साथ सैलानियों की भी खूब भीड़ जुटी। मैदानी इलाकों से आए सैलानियों ने उत्साह के साथ मंदिर में शिवलिंग का जलाभिषेक किया।

मिडल बाजार शिव मंदिर में शिव पुराण कथा
मिडल बाजार स्थित शिव मंदिर के पंडित हेमराज शर्मा ने बताया कि सोमवार को शिव पुराण कथा का आयोजन किया गया। शाम साढ़े पांच बजे आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से हवन किया गया।

Related posts